संडीला (हरदोई)। डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल, मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने तहसील संडीला क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंशू अवस्थी ने ग्राम महम्मदापुर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने बहुती कला और दलेलनगर में आयोजित सभाओं में भाग लिया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
ग्राम सभा नरा मदनापुर के अंतर्गत फतेहपुर में “जय भीम – जय संविधान” पदयात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में समर्थकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पदयात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में बाबा साहब के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
इस अवसर पर अंशू अवस्थी ने कहा कि 14 अप्रैल का दिन पूरे देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। बाबा साहब ने ऐसा संविधान दिया, जिसने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, न्याय और बराबरी का हक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के बनाए संविधान की बदौलत ही भारत का लोकतंत्र मजबूत और महान बना है।
उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहब ने अपने जीवन में अनेक कठिनाइयों और सामाजिक कुरीतियों का सामना किया, लेकिन जब उन्हें अवसर मिला तो उन्होंने बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए समान कानून बनाए। यही उनकी महानता है, जो उन्हें एक युगपुरुष बनाती है।

