संवाद।। तौफीक फारूकी

फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के अहमलापुर गांव में गुरुवार को एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान जूली के रूप में हुई है। उसके चाचा रक्षपाल ने बताया कि जूली की शादी सात माह पहले नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में सत्यवीर से हुई थी, जो निजी नौकरी करता है। रक्षपाल के अनुसार, जूली करीब एक माह पहले अपने मायके अहमलापुर आ गई थी।
चाचा ने बताया कि तीन दिन पहले जूली की अपने पति सत्यवीर से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद से वह कुछ सुस्त और तनाव में रहने लगी थी। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी बीच जूली ने कमरे में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
पड़ोसियों ने जब जूली को फंदे पर लटका देखा तो तुरंत परिजनों को सूचना दी। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जूली की मौत की खबर मिलते ही उसके ससुराल वाले भी गुरुवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।

