अरपोरा (गोवा):गोवा के पर्यटन क्षेत्र अरपोरा में स्थित एक नाइट क्लब में शुक्रवार देर रात लगी भयंकर आग में 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर क्लब के कर्मचारी शामिल हैं, जबकि चार पर्यटकों की भी जान चली गई। हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, क्लब में आग गैस सिलेंडर फटने के कारण लगी होने की आशंका है। देखते ही देखते आग ने पूरे क्लब को अपनी चपेट में ले लिया।
दमकल और पुलिस ने संभाली स्थिति
दमकल विभाग, आपातकालीन सेवाओं और पुलिस की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुँचीं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया। पुलिस महानिदेशक आलोक कुमार ने बताया कि सभी शव बरामद कर लिए गए हैं और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
सीएम प्रमोद सावंत ने लिया स्थिति का जायज़ा
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सुबह घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, अधिकांश लोगों की मौत दम घुटने से हुई।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि क्लब का संचालन अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन किए बिना किया जा रहा था। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
पुलिस महानिदेशक का बयान
गोवा पुलिस महानिदेशक आलोक कुमार ने कहा:
-
दमकल, पुलिस और एम्बुलेंस की टीमें समय पर मौके पर पहुँचीं।
-
आग पर नियंत्रण कर लिया गया है।
-
कारणों की जांच की जा रही है और निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

