आगरा ,जब कड़ाके की ठंड में तापमान लगातार गिरता जा रहा है और रातें और भी सर्द होती जा रही हैं, ऐसे कठिन समय में उत्तर प्रदेश मुस्लिम महापंचायत गरीब, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के लिए किसी फरिश्ते से कम नहीं साबित हो रही है। संगठन ने इस वर्ष भी लगातार 12वें साल निःशुल्क कंबल वितरण अभियान चलाकर मानवता की एक अनुकरणीय मिसाल पेश की है।

महापंचायत के समाजसेवियों ने शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर खुले आसमान के नीचे जीवन यापन कर रहे गरीबों, मजदूरों, बुजुर्गों और असहाय लोगों को कंबल वितरित किए। इस अभियान के तहत सैकड़ों जरूरतमंदों को कंबल प्रदान किए गए, जिससे उन्हें भीषण ठंड से कुछ राहत मिल सकी।
इस अवसर पर प्रदेश सरपंच नदीम नूर ने कहा कि ठंड का मौसम उन लोगों के लिए सबसे ज्यादा कठिन होता है, जिनके पास न तो रहने के लिए पक्की छत होती है और न ही ठंड से बचाव के पर्याप्त साधन।
उन्होंने कहा, “मानवता के नाते जरूरतमंदों की मदद करना हमारा कर्तव्य है। यह अभियान पूरे शीतकाल में जारी रहेगा, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण अपनी जान न गंवाए।”
कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली। कई बुजुर्गों और मजदूरों ने बताया कि ठंड के कारण रात में सोना मुश्किल हो गया था, लेकिन कंबल मिलने से अब उन्हें राहत महसूस हो रही है।
अमजद क़ुरैशी ने समाज के लोगों से अपील की कि वे आगे आकर इस तरह के मानवीय कार्यों में सहयोग करें। वहीं एम. ए. काज़मी ने कहा कि समाज के सक्षम वर्ग की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वे कमजोर और असहाय लोगों के साथ खड़े हों।
कार्यक्रम में नदीम नूर, एम. ए. काज़मी, अमजद क़ुरैशी, बुंदन मियाँ, अनवर पहलवान, यासिन सिद्दक़ी, नदीम ठेकेदार, इमरान हाशमी, मोईन क़ुरैशी, आदिल क़ाज़ी, आसिफ़ अघाई, परवेज़ ख़ान, क़ासिम क़ुरैशी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

