198 सीटों के लिए 15 मार्च को होगी प्रवेश परीक्षा
आगरा, समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, इटौरा (आगरा) में शैक्षिक सत्र 2026–27 के लिए कक्षा 6, 7, 8 एवं 9 में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। विद्यालय में कुल 198 रिक्त सीटों के सापेक्ष जनपद स्तर पर प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी जी. आर. प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि निदेशालय, समाज कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार प्रवेश परीक्षा कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया है। यह प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क होगा और पात्र छात्रों को समाज कल्याण विभाग की ओर से आवासीय एवं शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक छात्र/अभिभावक निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने के उपरांत उसका प्रिंट आउट आवश्यक प्रमाण पत्रों के साथ किसी भी कार्य दिवस में पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक विद्यालय में निःशुल्क जमा कर सकते हैं। केवल पूर्ण रूप से ऑनलाइन भरा हुआ आवेदन पत्र ही मान्य होगा।
प्रवेश प्रक्रिया की समय-सारणी इस प्रकार है—
- ऑनलाइन आवेदन एवं विद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि: 20 फरवरी 2026
- परीक्षणोपरांत पात्र आवेदकों की सूची प्रकाशन: 25 फरवरी 2026
- प्रवेश परीक्षा की तिथि: 15 मार्च 2026
- सफल छात्रों की सूची प्रकाशन एवं प्रवेश प्रारंभ: 23 मार्च 2026
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने स्पष्ट किया कि 20 फरवरी 2026 को सायं 4 बजे के बाद कोई भी आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पात्र एवं इच्छुक छात्र-छात्राओं तथा अभिभावकों से समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है।

