Samajwadi Party अब वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर नई रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी सत्ता तक पहुंचने के लिए ‘विजन इंडिया’ अभियान के जरिए अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुट गई है। किसान, युवा, महिला, व्यापारी, बुनकर और कारीगर जैसे विभिन्न वर्गों को केंद्र में रखकर प्रदेशभर में संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
हाल ही में Ghaziabad में “किसानों क्यों परेशान” विषय पर विजन इंडिया समिट आयोजित की गई थी। अब इसी तर्ज पर क्षेत्रवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है, जिनके माध्यम से पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना चाहती है। सपा की योजना स्थानीय मुद्दों को पहचानकर उन्हें चुनावी एजेंडे का हिस्सा बनाने की है।
पार्टी का मानना है कि संवाद कार्यक्रमों के जरिए जनता से सीधा जुड़ाव बढ़ाने के साथ भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ एक वैकल्पिक राजनीतिक नैरेटिव तैयार किया जा सकता है। सपा प्रमुख Akhilesh Yadav ने पिछले वर्ष ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रमों की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को जोड़ना और विकासवादी सोच को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करना बताया गया।
अखिलेश यादव ने ‘पीडीए’ को “प्लान, डेवलपमेंट एंड एसेंट” की नई परिभाषा देते हुए विभिन्न राज्यों में कई कार्यक्रम आयोजित किए। इनमें 16 नवंबर को Bengaluru में स्टार्टअप, 13 दिसंबर को Hyderabad में एआई और आधुनिक तकनीक, 17 जनवरी को Bhubaneswar में होलिस्टिक हेल्थ, 15 मार्च को Mumbai में क्रिएटिव इकोनॉमी और 11 अप्रैल को Jaipur में हारमोनियस हेरिटेज विषय पर कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इन कार्यक्रमों में अखिलेश यादव ने स्वयं भाग लेकर लोगों से संवाद किया था।
सपा को यह एहसास है कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के बावजूद विधानसभा चुनाव केवल जातीय समीकरणों के आधार पर नहीं जीते जा सकते। इसलिए पार्टी सामाजिक गठजोड़ को मुद्दा आधारित राजनीति से जोड़ने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।
पूर्वांचल, बुंदेलखंड, अवध और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रोजगार, पेपर लीक, महंगाई, एमएसपी, गन्ना भुगतान, छोटे कारोबारियों की समस्याएं और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी है।
पार्टी की कोशिश है कि हर कार्यक्रम को किसी विशेष वर्ग और मुद्दे से जोड़ा जाए, ताकि स्थानीय असंतोष को राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनाया जा सके। साथ ही भाजपा के “डबल इंजन विकास” के दावे को चुनौती देने के लिए इन कार्यक्रमों से मिले सुझावों और मांगों के आधार पर भविष्य का चुनावी घोषणा पत्र भी तैयार किया जाएगा।
हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस रणनीति को चुनावी सफलता में बदलने के लिए सपा को खुद को जनता के बीच एक भरोसेमंद विकल्प के रूप में स्थापित करना होगा।

