आगरा। मस्जिद नहर वाली, सिकंदरा के ख़तीब मुहम्मद इक़बाल ने आज अपने जुमे के ख़ुत्बे में दुनिया भर में मुसलमानों से जुड़े गलत अंदाज़ों और धारणाओं पर बात की। उन्होंने कहा कि आज विश्व स्तर पर यह माना जाता है कि मुसलमान राजनीतिक प्रभुत्व चाहते हैं, इसी गलतफहमी के कारण उन्हें हर जगह निशाने पर रखा जा रहा है और कई देशों में वे अजनबी की तरह हो गए हैं।
ख़तीब ने न्यूयॉर्क के हालिया उदाहरण का उल्लेख करते हुए कहा कि मात्र नौ प्रतिशत मुस्लिम आबादी वाले शहर में एक ऐसे मुस्लिम ने कम समय में बड़ी सफलता हासिल की, जिसे दुनिया बहुत लोकप्रिय नहीं मानती थी। उसने अपनी पहचान खुलकर रखते हुए न केवल इज़राइल द्वारा की जा रही कार्रवाई के खिलाफ आवाज़ उठाई, बल्कि नेतन्याहू की संभावित यात्रा पर गिरफ्तारी तक की बात कही—इसके बावजूद उसने जीत दर्ज की।
मोहम्मद इक़बाल ने इसे “असाधारण सफलता” बताते हुए कहा कि जब इंसान नीयत मजबूत कर ले और पूरी मेहनत करे तो अल्लाह की मदद भी शामिल हो जाती है। उन्होंने कहा कि यह मुसलमानों के लिए बड़ा सबक है कि वे एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारियाँ निभाते रहें, सफलता अल्लाह की तरफ़ से ही आती है।

