आगरा। ईद-उल- अज़हा के मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करने की अपील की गई है। मस्जिद नहर वाली, आगरा के खतीब मोहम्मद इकबाल ने लोगों से त्योहार को शांति, भाईचारे और साफ-सफाई के साथ मनाने की अपील की है ताकि किसी भी प्रकार के विवाद या अव्यवस्था से बचा जा सके।
उन्होंने कहा कि कुर्बानी केवल निर्धारित और उचित स्थानों पर ही की जाए तथा किसी भी खुले या सार्वजनिक स्थान पर कुर्बानी न की जाए। साथ ही कुर्बानी के जानवरों की वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे यूट्यूब, व्हाट्सएप और फेसबुक पर साझा करने से भी बचने की सलाह दी गई है।
मोहम्मद इकबाल ने ईद की नमाज को लेकर कहा कि किसी भी स्थिति में सड़कों पर नमाज अदा न की जाए। यदि मस्जिद में जगह कम हो तो वहीं दूसरी या तीसरी जमात का आयोजन किया जाए और इसकी जानकारी पहले से क्षेत्र के लोगों को दे दी जाए ताकि व्यवस्था बनी रहे।
उन्होंने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा स्थानीय पुलिस और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान आपसी सौहार्द, धैर्य और जिम्मेदारी का परिचय देना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है।
अंत में मोहम्मद इकबाल ने लोगों से इस जागरूकता संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील करते हुए कहा कि ईद-उल-अजहा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

