लखनऊ। माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने के उद्देश्य से ‘इंडिया बेस्ट टीचर अवार्ड-2026’ के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के संयुक्त निदेशक विवेक नौटियाल ने प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआईओएस) को पत्र जारी कर अधिक से अधिक शिक्षकों को आवेदन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। पुरस्कार का आयोजन शिव नादर फाउंडेशन और सईद बिजनेस स्कूल, यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।
इस सम्मान का उद्देश्य उन शिक्षकों को पहचान और प्रोत्साहन देना है, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट शिक्षण, नवाचार और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से विद्यार्थियों के सीखने की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार किया है। पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
अवार्ड के लिए व्यवसाय अध्ययन एवं उद्यमिता, कंप्यूटर विज्ञान, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, पर्यावरण विज्ञान, भूगोल, गणित तथा भौतिक विज्ञान सहित विभिन्न विषयों की श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।
संयुक्त निदेशक ने सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों से कहा है कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक योग्य शिक्षक इस अवसर का लाभ उठा सकें और अपनी शैक्षिक उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर सकें।
शिक्षा विभाग का मानना है कि ऐसे पुरस्कार शिक्षकों को नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

