प्रतिदिन वैदिक यज्ञ एवं बौद्धिक सत्रों में बढ़ रही सहभागिता
आगरा। महर्षि दयानन्द योगपीठ न्यास, आगरा के तत्वावधान में आयोजित मंडलीय आर्य वीरांगना व्यक्तित्व विकास शिविर एवं राष्ट्रीय आर्य पुरोहिता/उपदेशिका प्रशिक्षण शिविर आर्यन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड कंप्यूटर स्टडीज, सेक्टर-13, आवास विकास कॉलोनी, सिकन्दरा, आगरा में अत्यंत श्रद्धा, अनुशासन एवं वैदिक वातावरण के साथ निरंतर संचालित हो रहा है। 23 जून से प्रारम्भ होकर 1 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस नौ दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में प्रतिदिन प्रातःकालीन वैदिक यज्ञ, योगाभ्यास, व्यक्तित्व विकास, वैदिक संस्कार, नेतृत्व प्रशिक्षण तथा बौद्धिक सत्रों का सफल आयोजन किया जा रहा है।
शिविर का उद्देश्य बेटियों एवं महिलाओं को वैदिक ज्ञान, संस्कार, आत्मविश्वास, संगठन क्षमता एवं नेतृत्व कौशल से सशक्त बनाना है, ताकि वे समाज में वैदिक संस्कृति के प्रचार-प्रसार, यज्ञ-संचालन, वैदिक संस्कारों के संपादन तथा सामाजिक जागरण में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
शिविर में उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न प्रदेशों, जनपदों से आई प्रतिभागी बहनें उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
अब तक आर्य वीरांगना व्यक्तित्व विकास शिविर में लगभग 135 तथा राष्ट्रीय आर्य पुरोहिता/उपदेशिका प्रशिक्षण शिविर में 40 बहनों का पंजीकरण हो चुका है।
प्रतिभागियों को यज्ञ संचालन, वैदिक संस्कार, व्यक्तित्व विकास, संगठन कौशल, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा वैदिक जीवन-पद्धति का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही अन्नप्राशन, मुण्डन, कर्णवेध, यज्ञोपवीत आदि वैदिक संस्कारों के व्यवहारिक अभ्यास भी कराए जा रहे हैं।
शिविर का शुभारम्भ प्रातःकालीन यज्ञ से हुआ था, जिसमें आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तर प्रदेश के प्रधान एवं सुप्रसिद्ध वैदिक विद्वान आचार्य स्वदेश जी महाराज सहित अनेक वैदिक विद्वानों, आर्य समाजों एवं विभिन्न आर्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं का वैदिक शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक नेतृत्व से सशक्त होना राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण आवश्यकता है तथा ऐसे प्रशिक्षण शिविर समाज में सकारात्मक परिवर्तन के प्रभावी माध्यम हैं।
शिविराध्यक्षा श्रीमती रामसखी विद्यार्थी, उपाध्यक्षा डॉ. मनीषा गुप्ता, संयोजिका श्रीमती नमिता शर्मा, स्वागताध्यक्षा श्रीमती प्रेमा वर्मा तथा शिविर व्यवस्थापक आचार्य विश्वेन्द्रार्य ने संयुक्त रूप से समाज के सभी वर्गों से शेष दिनों में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर शिविर के कार्यक्रमों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
महर्षि दयानन्द योगपीठ न्यास के अध्यक्ष आचार्य हरिशंकर अग्निहोत्री ने कहा कि यह शिविर वैदिक संस्कृति, नारी सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरण को समर्पित एक महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने सभी परिवारों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों एवं महिलाओं को ऐसे प्रशिक्षण शिविरों से जोड़कर वैदिक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में सहभागी बनें।
आगरा जनपद व्यवस्थापक श्री अभय यादव ने बताया कि शिविर के विभिन्न कार्यक्रमों में समाज के गणमान्य नागरिकों, आर्यजनों, युवाओं एवं मातृशक्ति का निरंतर उत्साहजनक सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिससे शिविर का वातावरण और अधिक प्रेरणादायी एवं भव्य बन रहा है। शिविर आयोजन समिति ने बताया कि प्रतिदिन प्रातः 7:30 बजे आयोजित वैदिक यज्ञ में यजमान बनने का शुभ अवसर सभी श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध है। इच्छुक परिवार शिविर व्यवस्थापक आचार्य विश्वेन्द्र शास्त्री (मो. 9719154615) से संपर्क कर अपना दिवस आरक्षित करा सकते हैं।
साथ ही प्रतिदिन आयोजित पूर्वाह्न एवं अपराह्न बौद्धिक सत्रों में वैदिक धर्म, आर्य जीवन-दर्शन, संस्कार, संस्कृति, राष्ट्रनिर्माण, सामाजिक सुधार एवं व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों पर प्रामाणिक व्याख्यान दिए जा रहे हैं, जिनका लाभ लेने के लिए समाज के सभी वर्गों से सहभागिता की अपील की गई है।
शिविर के अब केवल कुछ ही दिन शेष हैं। आयोजन समिति ने सभी आर्य बंधुओं, मातृशक्ति एवं युवाओं से आग्रह किया है कि वे शेष अवधि में प्रतिदिन शिविर में उपस्थित होकर वैदिक ज्ञानयज्ञ में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें तथा इस दुर्लभ अवसर का अधिकतम लाभ प्राप्त करें।
संपर्क सूत्र :
आचार्य हरिशंकर अग्निहोत्री – 9897060822
आचार्य विश्वेन्द्र शास्त्री – 9719154615
अभय यादव – 9808333344
राकेश तिवारी – 9456460570
विजय पाल सिंह – 9536130977
निवेदक :
महर्षि दयानन्द योगपीठ न्यास, आगरा
आर्य पुरोहित सभा, आगरा
आर्य वीर दल, जनपद आगरा
एवं समस्त आर्य समाज एवं आर्य संगठन, जनपद आगरा
॥ ओ३म् ॥
॥ कृण्वन्तो विश्वमार्यम् ॥

