आगरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक संगठन सशक्तिकरण जनसंपर्क अभियान के तहत मिढ़ाकुर में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
महानगर अध्यक्ष अमित सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में स्कूल बंद किए जा रहे हैं, प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और शिक्षा व्यवस्था कमजोर हो रही है। उन्होंने शिक्षकों से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार से स्पष्ट नीति अपनाने की मांग की।
उन्होंने आगरा में मुख्यमंत्री द्वारा एक निजी अस्पताल के उद्घाटन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार को सरकारी अस्पतालों को मजबूत बनाने पर अधिक ध्यान देना चाहिए, ताकि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
बिजली की बढ़ती दरों पर बोलते हुए अमित सिंह ने कहा कि लगातार महंगी होती बिजली ने आम लोगों, किसानों और छोटे व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़े हुए बिजली बिलों का सीधा असर जनता की जेब पर पड़ रहा है और सरकार को बिजली दरों में राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों का मुद्दा उठाते हुए भी कहा कि बढ़ती ईंधन कीमतों से महंगाई और बढ़ रही है तथा आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया तथा जनसंपर्क अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

