आगरा। पुलिस कमिश्नर आगरा के निर्देशन में थाना ताज सुरक्षा की त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) द्वारा ऑपरेशन टूरिस्ट डिलाइट के तहत ऑस्ट्रेलिया से आए पर्यटकों के एक समूह का ताजमहल परिसर में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। ताज सुरक्षा पुलिस ने पर्यटकों से फ्रेंडली वार्ता करते हुए उन्हें आवश्यक जानकारियां प्रदान कीं और ताज भ्रमण के दौरान सुखद व सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया।
पुलिस टीम ने पर्यटकों को ताजमहल से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था, भ्रमण से संबंधित दिशा-निर्देश और सुविधाओं की जानकारी दी, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस दौरान पुलिस का सहयोगात्मक और मैत्रीपूर्ण व्यवहार पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहा।
ऑस्ट्रेलियाई पर्यटकों ने ताज सुरक्षा पुलिस की फ्रेंडली पुलिसिंग और सतर्कता की खुले दिल से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ-साथ अपनापन और सहयोग का भाव उन्हें भारत में विशेष अनुभव प्रदान करता है।
इस अवसर पर ताज सुरक्षा पुलिस टीम में उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल, आरक्षी आशु और आरक्षी सुलेखा शामिल रहे।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि ऑपरेशन टूरिस्ट डिलाइट का उद्देश्य विदेशी व घरेलू पर्यटकों को सुरक्षित, सहज और यादगार अनुभव देना है, ताकि आगरा और ताजमहल की छवि एक पर्यटन-अनुकूल और सुरक्षित गंतव्य के रूप में और मजबूत हो सके।

