आगरा। थाना पिनाहट, जनपद आगरा क्षेत्र में 27 दिसंबर 2025 को एक युवक की हत्या के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त बच्चू को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई थाना पिनाहट पुलिस टीम और सर्विलांस सेल, पूर्वी जोन की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, आज देर रात्रि अभियुक्त की घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा,एक जिंदा कारतूस, और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
इस संबंध में सहायक पुलिस आयुक्त, पिनाहट ने बताया कि अभियुक्त हत्या के गंभीर मामले में फरार चल रहा था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी। पुलिस पर फायरिंग किए जाने के बाद नियमानुसार आत्मरक्षा में कार्रवाई की गई, जिसमें अभियुक्त घायल होकर पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

