आगरा। ताजनगरी आगरा के पक्की सराय नई आबादी निवासी मोहम्मद रिज़बान, जो इन दिनों ‘लिटिल डॉली’ के नाम से चर्चाओं में हैं, अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर लगातार सुर्खियाँ बटोर रहे हैं। जो भी उन्हें पहली बार देखता है, वह चौंक जाता है। जनता के बीच उनकी लोकप्रियता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हाल ही में उनकी कामयाबी पर घर पर बधाई देने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मोहम्मद रिज़बान ने बातचीत में बताया कि टैलेंट इंसान को फर्श से अर्श तक पहुँचा सकता है, बस जरूरत है ईश्वर (अल्लाह) पर भरोसा रखने की और अच्छे–बुरे हालात को नज़रअंदाज़ कर अपने मकसद की राह पर डटे रहने की। उन्होंने कहा कि अगर इंसान ईमानदारी से मेहनत करता रहे तो एक दिन उसका परिणाम ज़रूर सामने आता है।
रिज़बान ने बताया कि 10 जनवरी 2026 को फतेहाबाद रोड स्थित जेपी होटल के पास प्रिंस होटल में आयोजित एक इवेंट के दौरान जब उन्हें सिने स्टार अरबाज खान द्वारा मंच से मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया, तो उन्हें खुद पर यकीन नहीं हो रहा था कि वे इस मुकाम तक पहुँच पाए हैं। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपनी ऑडियंस और चाहने वालों के प्यार व दुलार को दिया और सभी का तहेदिल से धन्यवाद किया। साथ ही उन्होंने अपील की कि आगे भी इसी तरह उनका प्यार और आशीर्वाद बना रहे।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, समाजसेवी, नेता और समर्थक उनके घर पहुँचे और उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बधाई देने वालों में बसपा पार्षद के पूर्व प्रत्याशी मोहम्मद रिज़बान, प्रदीप जैनत, हाजी यूसुफ कुरैशी, अलीशेर अब्बास, AIMIM जिला महासचिव शहज़ाद कुरैशी सहित अन्य लोग शामिल रहे।
मोहम्मद रिज़बान की यह सफलता न सिर्फ युवाओं के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह भी साबित करती है कि मेहनत, लगन और जनता का प्यार इंसान को पहचान दिला सकता है।

