नए आयुष चिकित्सालयों की स्थापना, प्रचार-प्रसार और मिलावट पर सख्त निर्देश
आगरा। प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने आगरा स्थित सर्किट हाउस में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

आगरा पहुंचने पर मंत्री का क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी, चिकित्साधिकारियों एवं आयुष विभाग के स्टाफ द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
बैठक में आयुष मंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप प्रदेश में नए आयुष चिकित्सालयों की स्थापना की जा रही है। इसके लिए विभिन्न विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करें, जिससे चिकित्सालयों का निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से शुरू हो सके।
उन्होंने आयुष चिकित्सा पद्धतियों के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जन-जागरूकता पर बल देते हुए निर्देश दिए कि आयुष चिकित्सालयों द्वारा नियमित चिकित्सा शिविरों का आयोजन कर आम जनता को औषधि वितरण के माध्यम से लाभान्वित किया जाए।

डॉ. मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयुष क्षेत्र निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
इसके साथ ही मंत्री ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खाद्य इकाइयों और खाद्य सामग्रियों की जांच पूरी गंभीरता के साथ की जाए।
इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. एम.एस. आलम, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात कुमार कुलश्रेष्ठ सहित चिकित्साधिकारी एवं आयुष कार्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।

