लखनऊ/दुबई। शाइन सिटी ग्रुप के प्रमोटर Rashid Naseem को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अनुरोध पर दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया है। वह निवेश के नाम पर उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के लोगों से सैकड़ों करोड़ रुपये की ठगी कर विदेश फरार हो गया था।
ईडी द्वारा की गई कार्रवाई के बाद अब उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, उसे जल्द ही यूएई से भारत लाया जा सकता है।
गौरतलब है कि लखनऊ की विशेष पीएमएलए अदालत ने अप्रैल 2025 में राशिद नसीम को भगोड़ा घोषित किया था। उसके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
जांच एजेंसियों ने प्रयागराज, लखनऊ समेत कई जिलों में उसकी अवैध संपत्तियां पहले ही जब्त कर ली हैं। प्रशासन की ओर से उस पर 50,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
शाइन सिटी ग्रुप पर आरोप है कि कंपनी ने रियल एस्टेट और निवेश योजनाओं के नाम पर आम लोगों को ऊंचे रिटर्न का लालच दिया और बाद में करोड़ों रुपये लेकर निवेशकों को धोखा दिया।
अब राशिद नसीम की गिरफ्तारी को ठगी के शिकार निवेशकों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। आगे की कानूनी कार्रवाई और संपत्तियों की रिकवरी की प्रक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हैं।

