पटना: भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने सोमवार को 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा के लिए मतदान कार्यक्रम का ऐलान कर दिया। चुनाव दो चरणों में आयोजित होंगे।
-
पहला चरण: 6 नवंबर, कुल 121 सीटों पर मतदान
-
दूसरा चरण: 11 नवंबर, कुल 122 सीटों पर मतदान
मतगणना 14 नवंबर को होगी।
चुनाव आयोग के अनुसार, पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर है, जबकि जाँच 18 अक्टूबर को होगी। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर है।
दूसरे चरण के लिए नामांकन 20 अक्टूबर तक जमा किया जा सकता है, जाँच 21 अक्टूबर को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर है।
हालांकि, इस पर पूर्व निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने चुनाव आयोग और भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव कार्यक्रम पहले से तय था और इसे भाजपा कार्यालय के माध्यम से घोषित किया गया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि “इतना बेशर्म चुनाव आयोग कभी नहीं रहा। बिहार का हर बच्चा जानता था कि अधूरे मेट्रो के उद्घाटन के बाद ही तारीख घोषित होगी।”
पप्पू यादव का आरोप है कि चुनाव आयोग ने निष्पक्षता का भ्रम तक नहीं रहने दिया और चुनाव प्रक्रिया में पूर्वनिर्धारित गतिविधियों का संकेत दिया है।

