फर्रुखाबाद। होली और रमजान के एक साथ पड़ने के अवसर पर भाजपा नेता विकास राजपूत ने आपसी सौहार्द, प्रेम और एकता का संदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि रंगों का पर्व होली और पवित्र माह रमजान का एक साथ आना सामाजिक समरसता को मजबूत करने का सुनहरा अवसर है। यह समय आपसी प्रेम, सम्मान और भाईचारे को और प्रगाढ़ करने का है।
विकास राजपूत ने हिंदू और मुस्लिम भाइयों से अपील की कि वे त्योहारों के इस पावन अवसर पर प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि शांति और सद्भाव बनाए रखना हम सभी का सामूहिक कर्तव्य है।
उन्होंने फर्रुखाबाद पुलिस प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की अहम भूमिका होती है। इसलिए नागरिकों को चाहिए कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और मिलजुल कर त्योहार मनाएं, ताकि जिले से भाईचारे और एकता का सकारात्मक संदेश पूरे प्रदेश में जाए।

