आगरा। शासन एवं आयुष मंत्रालय के निर्देशों के क्रम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने के उद्देश्य से एक विशेष ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन किया जा रहा है। यह सत्र 14 जून 2026 को प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक आयुष मंत्रालय के यूट्यूब प्लेटफॉर्म के माध्यम से आयोजित होगा।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी आगरा डॉ. एम.एस. आलम ने बताया कि शासन के पत्र संख्या 1491/96-आयुष-1-2026 तथा आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के पत्र संख्या M-16011/147/2026-YN के अनुपालन में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे एक साथ सर्वाधिक लोगों के ऑनलाइन योग सत्र में शामिल होने का विश्व रिकॉर्ड बनाया जा सके।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन में भाग लेने के इच्छुक व्यक्तियों को टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर अपना पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के उपरांत प्रतिभागियों को व्हाट्सएप पर एक संदेश प्राप्त होगा, जिसमें ऑनलाइन योग सत्र का लिंक उपलब्ध रहेगा।

डॉ. आलम ने स्पष्ट किया कि गिनीज रिकॉर्ड के लिए प्रत्येक प्रतिभागी को अपने-अपने मोबाइल, लैपटॉप या अन्य डिजिटल डिवाइस से व्यक्तिगत रूप से लॉगिन करना अनिवार्य होगा, क्योंकि सत्र में शामिल होने वाला प्रत्येक डिवाइस आधिकारिक रिकॉर्ड का हिस्सा माना जाएगा।

उन्होंने जनपदवासियों, योग प्रेमियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से इस ऐतिहासिक प्रयास में बढ़-चढ़कर भाग लेने और भारत को एक नया विश्व रिकॉर्ड दिलाने में सहयोग करने की अपील की है।

