आगरा। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा वर्ष 2026-27 की सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम के गठन हेतु जिला, मंडल एवं प्रदेश स्तरीय चयन ट्रायल्स आयोजित किए जा रहे हैं। आगरा मंडल के खिलाड़ियों के लिए जिला स्तरीय ट्रायल्स 6 अगस्त 2026 तथा मंडल स्तरीय ट्रायल्स 12 और 13 अगस्त 2026 को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, आगरा में प्रातः 11 बजे से आयोजित किए जाएंगे।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी, आगरा मंडल ने बताया कि ट्रायल्स में टेनिस, वॉलीबॉल, तैराकी, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कबड्डी, शतरंज, भारोत्तोलन एवं बेस्ट फिजिक, एथलेटिक्स, फुटबॉल, कैरम, ब्रिज, कुश्ती, पावर लिफ्टिंग, क्रिकेट, हॉकी, खो-खो और योगासन सहित कुल 19 खेलों में खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिला एवं मंडल स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय ट्रायल्स में भाग लेने का अवसर मिलेगा। प्रदेश स्तरीय चयन ट्रायल्स 19 और 20 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक खेल के लिए अलग-अलग जनपदों को मेजबानी सौंपी गई है।
चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। खिलाड़ियों का मूल्यांकन शारीरिक दक्षता परीक्षण तथा खेल कौशल परीक्षण के आधार पर किया जाएगा। दोनों परीक्षणों के कुल 100 अंकों के आधार पर अंतिम चयन सुनिश्चित किया जाएगा।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि केवल पात्र सरकारी कर्मचारी ही इस चयन प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। परिषद, बोर्ड, निगम, पंचायत जैसी स्वायत्तशासी संस्थाओं (ऑटोनोमस बॉडी) के कर्मचारी, पुलिस विभाग के कर्मचारी, शिक्षा विभाग के अध्यापक एवं सहायक अध्यापक सहित अन्य अपात्र श्रेणियों के कर्मचारी इस प्रतियोगिता के चयन ट्रायल्स में भाग नहीं ले सकेंगे।
उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से अनुरोध किया है कि पात्र कर्मचारियों को अधिक से अधिक संख्या में चयन ट्रायल्स में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि प्रदेश की टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया जा सके।

