फर्रुखाबाद। जनपद फर्रुखाबाद में क्रिसमस का पर्व इस वर्ष भी हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। जिले के तीनों प्रमुख गिरजाघरों—फतेहगढ़, फर्रुखाबाद और बढ़पुर—में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। गिरजाघरों को आकर्षक लाइटिंग और सजावट से सजाया जा रहा है, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया है।
बुधवार की रात 11 बजे सभी गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्र होकर प्रभु यीशु मसीह के जन्म की खुशी में प्रार्थनाएं करेंगे। रात 12 बजे के बाद क्रिसमस का आगमन होगा, जिसके साथ ही लोग एक-दूसरे को बधाई देंगे और खुशियां साझा करेंगे।
गिरजाघरों में सुबह से ही सजावट और लाइटिंग का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। चर्च से जुड़ी आशीष ने बताया कि सजावट का काम जारी है और बुधवार रात 11 बजे विशेष सेवा आयोजित की जाएगी। इस दौरान भजन-कीर्तन होंगे, सामूहिक प्रार्थनाएं की जाएंगी और फादर द्वारा बाइबल से संबंधित संदेश दिया जाएगा।
क्रिसमस के दिन गुरुवार को गिरजाघर परिसर में मेले का भी आयोजन किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर प्रार्थना करेंगे और मोमबत्तियां जलाएंगे। इसके अलावा, गुरुवार सुबह भी चर्च में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी।
प्रशासन और चर्च प्रबंधन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं, ताकि सभी लोग शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण वातावरण में क्रिसमस का पर्व मना सकें।

