फर्रुखाबाद। मेरापुर थाने में 24 दिसंबर 2025 को ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकारी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई और उनके सही उपयोग के बारे में समझाया गया।
इस दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वीमेन हेल्पलाइन 181, तथा गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस हेल्पलाइन 102 के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके अतिरिक्त, महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी वूमेन पावर लाइन 1090, साइबर अपराधों की शिकायत के लिए साइबर हेल्पलाइन 1930, तथा आगजनी की स्थिति में अग्निशमन सेवा 101 की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन हेल्पलाइन नंबरों का समय पर और सही तरीके से उपयोग कर महिलाएं एवं बालिकाएं किसी भी आपात स्थिति या समस्या में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
कार्यक्रम में विशेष रूप से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 के महत्व पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस नंबर के माध्यम से महिलाएं अपनी समस्याओं और शिकायतों को सीधे सरकार तक पहुंचा सकती हैं, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव होती है।
पुलिस प्रशासन ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या समस्या की स्थिति में बिना झिझक इन हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करें और मिशन शक्ति अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।

