लखनऊ:अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश सह-प्रभारी धीरज गुर्जर ने प्रदेश में चल रही S.I.R (Special Intensive Revision) प्रक्रिया पर कड़ी नजर बनाए रखने की बात कही। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने बूथवार निगरानी व्यवस्था बनाई है और सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों व पूर्व प्रत्याशियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
धीरज गुर्जर ने कहा कि S.I.R प्रक्रिया में किसी भी मतदाता का नाम नहीं छूटना चाहिए, और प्रक्रिया के दौरान आने वाली आपत्तियों के निस्तारण के लिए वार रूम में आंकड़े जुटाए जा रहे हैं। जहां भी बी.एल.ओ की कार्यशैली को लेकर शिकायतें हैं, वहां बूथवार जानकारियां जुटाकर सहयोग किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मतदाता के अधिकार में बाधा डालने की कोशिश कर रही है, लेकिन कांग्रेस इसे सफल नहीं होने देगी। धीरज गुर्जर ने कहा कि कई बी.एल.ओ को कार्य कुशलता के लिए प्रशिक्षण नहीं दिया गया है और गणना फार्म भरने में समस्याएं आ रही हैं। कांग्रेस इस प्रक्रिया में किसी भी दुरुपयोग को रोकने के लिए हर कदम उठा रही है।
राष्ट्रीय सचिव ने बताया कि राहुल गांधी द्वारा S.I.R में धांधली और वोट चोरी के मुद्दे उठाने के बाद पूरा देश इस प्रक्रिया के प्रति चौकन्ना हो गया है। भाजपा जनता के मुद्दों जैसे बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है, जिसे कांग्रेस जनता के बीच लेकर जा रही है।
आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय नेहरू भवन में धीरज गुर्जर ने जिला और शहर कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर S.I.R और संगठन सृजन अभियान की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

