नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व गृहमंत्री शिवराज पाटील चाकूरकर का आज 90 वर्ष की आयु में लातूर में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और घर पर ही उनका उपचार चल रहा था।
शिवराज पाटील चाकूरकर भारतीय राजनीति के उन दुर्लभ नेताओं में शुमार थे जिन्होंने लोकसभा अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया और केंद्र में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली। 2004 में लोकसभा चुनाव हारने के बावजूद उन्हें राज्यसभा के माध्यम से संसद भेजा गया, जहां से उन्होंने गृहमंत्री सहित कई केंद्रीय पदों पर अपनी सेवाएँ दीं।
उनके निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। नेताओं व समर्थकों ने उनकी सरलता, अनुभव और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

