भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव मोहम्मद उमर कासमी ने भारत के राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार रही है तथा उसका संरक्षण और संवर्धन राष्ट्रीय प्राथमिकता का विषय होना चाहिए।
ज्ञापन में कासमी ने उल्लेख किया है कि प्राचीन काल से भारतीय समाज में गाय को विशेष सम्मान प्राप्त है। कृषि, दुग्ध उत्पादन तथा जैविक खेती में गाय का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। गाय से प्राप्त दूध, दही, घी आदि पोषण के प्रमुख स्रोत हैं, वहीं गोबर का उपयोग जैविक खाद, ऊर्जा उत्पादन और अन्य उपयोगी कार्यों में किया जाता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को मातृ स्वरूप माना गया है तथा विभिन्न धार्मिक और सामाजिक परंपराओं में उसका विशेष स्थान है। ऐसे में गाय के सांस्कृतिक, आर्थिक और सामाजिक महत्व को ध्यान में रखते हुए उसे भारत का राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाना चाहिए।
मोहम्मद उमर कासमी ने अपने ज्ञापन में केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि इस मांग पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक निर्णय लिया जाए। उनका कहना है कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने से उसके संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता और सम्मान की भावना मजबूत होगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार देश की सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक पहल करेगी

