आगरा। रुनकता में मानव सेवा और आध्यात्म का अनूठा संगम रचते हुए कृष्ण राधे की सरकार चैरिटेबल ट्रस्ट ने भव्य राधे-कृष्ण अष्टसखी मंदिर और 20-बेड के आधुनिक हॉस्पिटल के निर्माण की घोषणा की है।
वर्तमान में साईं बाबा मंदिर परिसर में संचालित देव आनंद दिव्यांग आश्रम में 48 असहाय बच्चे और वृद्धजन सुरक्षित आश्रय, भोजन और देखभाल प्राप्त कर रहे हैं। इस सेवा को और विस्तारित करने के लिए यह अभूतपूर्व परियोजना शुरू की गई है।
सोमवार को कनक पैलेस होटल, सिकंदरा रोड पर ट्रस्ट द्वारा आयोजित उद्घोषणा समारोह में रुनकता स्थित रेणुका धाम मार्ग पर बनने जा रहे भव्य राधे-कृष्ण अष्टसखी मंदिर और असहाय लोगों के उपचार हेतु 20-बेड के हॉस्पिटल की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
मुख्य संरक्षक जितेंद्र चौहान ने बताया कि आश्रम पूरी तरह सेवा भाव पर आधारित है। मंदिर निर्माण से प्राप्त होने वाली दान राशि का उपयोग आश्रय गृह के बच्चों और वृद्धों के उपचार, भोजन, शिक्षा और देखभाल पर किया जाएगा।
संस्थापक बाबा देवानंद (विजय मल्होत्रा) ने कहा कि साईं बाबा मंदिर से प्राप्त सहयोग और विभिन्न सामाजिक संगठनों व सेवाभावी व्यक्तियों की मदद से वर्षों से आश्रम संचालित होता आया है।
बाबा देवानंद ने बताया कि बरसाना के बाद आगरा में यह पहला भव्य अष्टसखी मंदिर होगा। यह सफेद संगमरमर से बनेगा और इसमें 51 सीढ़ियाँ होंगी, जो शहर की नई धार्मिक पहचान के रूप में उभरेगा।
20-बेड हॉस्पिटल का निर्माण
मंदिर परिसर में ही आर्थिक रूप से कमजोर और असहाय लोगों के लिए 20-बेड का आधुनिक हॉस्पिटल बनाया जाएगा। बाबा देवानंद ने बताया कि लीलावती हॉस्पिटल, मुंबई द्वारा इस परियोजना में सहयोग का आश्वासन दिया गया है, जो आश्रम निवासियों की चिकित्सा सुविधाओं को अत्यंत सशक्त करेगा।
फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग परिषद अध्यक्ष और ट्रस्ट के नवमनोनीत अध्यक्ष पूरन डावर ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा, “धर्म का रास्ता समाज सेवा से होकर गुजरता है। धर्म तभी सार्थक है जब समाज का हर वर्ग निरोगी और सुरक्षित हो। मैं इस सामाजिक-धार्मिक कर्तव्य को पूर्ण समर्पण के साथ निभाऊँगा।”
ट्रस्ट के अध्यक्ष कामता प्रसाद अग्रवाल ने भी आश्रम और मंदिर-निर्माण से जुड़े सामाजिक कार्यों की सराहना की।
उद्घोषणा समारोह में उमेश बंसल, सुमंत यादव, कुलदीप ठाकुर, अजय अग्रवाल, राहुल कुमार, पवन अग्रवाल, पवन विधिचंद अग्रवाल, बबलू प्रजापति, हरेंद्र सिंह, रिचा वार्ष्णेय, बबीता पाठक, हेमलता, विनोद कुमार, प्रमेन्द्र सिकरवार, जय सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

