नई दिल्ली। फिल्म ‘केडी द डेविल’ का गाना ‘सरके चुनर तेरी सरके’ इन दिनों विवादों में घिर गया है। गाने के बोलों को लेकर इसे अश्लील और अभद्र बताते हुए विरोध तेज हो गया है।
दिल्ली हाई कोर्ट के वकील विनीत जिंदल ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को लिखित शिकायत भेजकर गाने पर रोक लगाने और इसे सभी प्लेटफॉर्म से हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के गाने समाज में गलत संदेश फैलाते हैं और सांस्कृतिक मूल्यों को ठेस पहुंचाते हैं।
मामले ने और तूल तब पकड़ा जब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी इस पर संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी कर दिया। आयोग ने गाने में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक और डबल मीनिंग शब्दों को लेकर संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मनोरंजन के नाम पर अश्लीलता को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो समाज के लिए हानिकारक हो सकता है।
अब सबकी नजरें सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और फिल्म निर्माताओं की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। देखना होगा कि इस विवादित गाने पर कोई कार्रवाई होती है या नहीं।

