आगरा। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा महिला सशक्तिकरण और महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर रविवार को आगरा में एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई। ब्राह्मण गली, ढोलीखार, मंटोला क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान ने किया।
इस दौरान पोस्टकार्ड अभियान और हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया, जिसके तहत महिलाओं ने देश के प्रधानमंत्री को संबोधित संदेश लिखकर भेजे। इन संदेशों में वर्ष 2027 से पहले महिला आरक्षण लागू करने की मांग उठाई गई, ताकि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व में समान भागीदारी मिल सके।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण विधेयक वर्ष 2003 में पारित होने के बावजूद लंबे समय तक लागू नहीं किया गया, जिससे महिलाओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में एक जिला अध्यक्ष पर लगे गंभीर आरोपों ने महिला सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे को और भी गंभीर बना दिया है।
अभियान के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सरकार पर महिला आरक्षण 2023 को जल्द लागू करने का दबाव बनाने की बात कही गई। कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस मौके पर नीलोफ़र बानो सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम के आयोजकों ने मीडिया से इस अभियान को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने की अपील की है, ताकि महिलाओं की आवाज़ देश के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच सके।

