आगरा। उत्तर प्रदेश दिवस–2026 को समारोहपूर्वक मनाने के उद्देश्य से पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के अंतर्गत जनपद स्तरीय जूनियर वर्ग की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 24 से 26 जनवरी, 2026 तक एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, सदर बाजार, आगरा में किया जाएगा।
यह प्रतियोगिताएं खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में तथा क्षेत्रीय खेल कार्यालय, एकलव्य स्टेडियम, आगरा द्वारा आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम के तहत कबड्डी (बालक/बालिका) एवं बास्केटबॉल (बालक) वर्ग की जनपदीय प्रतियोगिताएं संपन्न होंगी।
आयोजकों के अनुसार कबड्डी बालक व बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं 24 से 25 जनवरी तक आयोजित होंगी, जबकि बास्केटबॉल बालक वर्ग की प्रतियोगिता 24 से 26 जनवरी, 2026 तक चलेगी। सभी मुकाबले प्रातः 11 बजे से शुरू होंगे।
इन प्रतियोगिताओं में जनपद के विद्यालयों की टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की आयु 31 जनवरी, 2026 को 20 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। प्रतिभाग करने वाली सभी टीमों के खिलाड़ियों को अपने शारीरिक शिक्षक के साथ प्रातः 10 बजे तक एकलव्य स्टेडियम पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹700, द्वितीय पुरस्कार ₹600 तथा तृतीय पुरस्कार ₹500 निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।
आयोजकों ने जनपद के समस्त विद्यालयों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में खिलाड़ियों को प्रतिभाग के लिए भेजकर खेल भावना और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करें।

