नई दिल्ली। ACG जूनियर NBA 3v3 नेशनल टूर्नामेंट के दिल्ली लेग का सफल समापन रामजस इंटरनेशनल स्कूल, आर.के. पुरम में हुआ। इस प्रतिष्ठित स्कूल-स्तरीय बास्केटबॉल टूर्नामेंट में अंडर-14 वर्ग की बॉयज़ और गर्ल्स टीमों ने भाग लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद अंडर-14 बॉयज़ वर्ग में नेहरू वर्ल्ड स्कूल और अंडर-14 गर्ल्स वर्ग में श्री राम स्कूल, मौलसारी ने खिताब अपने नाम किया।
दिल्ली लेग में शानदार प्रदर्शन करने वाली तीन बॉयज़ और तीन गर्ल्स टीमें अब अगले महीने आयोजित होने वाले ACG जूनियर NBA 3v3 नेशनल फाइनल्स टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार हर ज़ोन से शीर्ष दो बॉयज़ और गर्ल्स टीमें, साथ ही बॉयज़ और गर्ल्स डिवीज़न से एक-एक ऑल-स्टार टीम को नेशनल फाइनल्स में खेलने का मौका मिलेगा।
टूर्नामेंट के दौरान व्यक्तिगत उत्कृष्टता के लिए भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। अंडर-14 गर्ल्स वर्ग में श्री राम स्कूल, मौलसारी की आन्या सिंह और अंडर-14 बॉयज़ वर्ग में नेहरू वर्ल्ड स्कूल के अंश तोमर को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए स्केचर्स MVP अवॉर्ड से नवाज़ा गया।
कार्यक्रम के बारहवें संस्करण का आयोजन ACG द्वारा बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से किया जा रहा है, जबकि स्केचर्स इस टूर्नामेंट के ऑफिशियल किट पार्टनर हैं। दिल्ली लेग के मुकाबलों में दोनों वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।
अंडर-14 बॉयज़ वर्ग में नेहरू वर्ल्ड स्कूल की टीम, जिसमें अंश तोमर, दर्शील सिंह, जतिन शर्मा और मान सिंह शामिल रहे, विजेता बनी। द मान स्कूल की टीम पहले रनर-अप रही। वहीं दिल्ली ऑल-स्टार टीम में रोहित राठी, तरुण, पार्थ चौधरी और वंश को शामिल किया गया।
अंडर-14 गर्ल्स वर्ग में श्री राम स्कूल, मौलसारी की टीम, जिसमें आन्या सिंह, जॉय सोलंकी, न्यारा खोसला और यश्वी जयपुरिया शामिल थीं, ने खिताब जीता। मेरठ पब्लिक गर्ल्स स्कूल की टीम पहली रनर-अप रही। दिल्ली ऑल-स्टार गर्ल्स टीम में तिलकिता, सानवी सिंह, आयशा अत्रेय और समृद्धि को चुना गया।
आगामी 2025-26 ACG जूनियर NBA 3v3 नेशनल टूर्नामेंट में देशभर के स्कूलों की बॉयज़ और गर्ल्स टीमें हिस्सा लेंगी। यह टूर्नामेंट लुधियाना, चेन्नई, उदयपुर, नई दिल्ली, गुवाहाटी, बेंगलुरु, प्रयागराज, मुंबई, कोच्चि और इंदौर जैसे शहरों में आयोजित किया जाएगा।
ACG जूनियर NBA प्रोग्राम का उद्देश्य भारतीय युवाओं को बास्केटबॉल के बुनियादी सिद्धांतों और कौशल से परिचित कराना है, ताकि खेल के माध्यम से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। भारत में इसकी शुरुआत वर्ष 2013 में हुई थी और तब से अब तक देश के 35 शहरों में 1.5 करोड़ से अधिक छात्र और 15,000 से ज्यादा फिजिकल एजुकेशन इंस्ट्रक्टर्स इस कार्यक्रम का हिस्सा बन चुके हैं। यह प्रोग्राम भारत में NBA द्वारा जमीनी स्तर पर किए जा रहे बास्केटबॉल विकास प्रयासों का अहम हिस्सा है।

