अलीगढ़।डा. एम.पी.एस. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी तीन दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता ‘चैलेन्जर 2025-26’ का भव्य और उत्साहपूर्ण शुभारम्भ संस्थान परिसर एवं डॉ. एम.पी.एस. वर्ल्ड स्कूल के खेल मैदान में हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह एवं अंतरराष्ट्रीय पैंचक सिलाट खिलाड़ी डॉ. किरन कश्यप ने भगवान गणेश के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अध्यक्ष ने डॉ. किरन कश्यप की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इसके उपरांत ‘चैलेन्जर 2025-26’ ट्रॉफी का अनावरण, वैलून रिलीज तथा विभिन्न संकायों की टीमों द्वारा भव्य फ्लैग मार्च का आयोजन हुआ, जिसने पूरे परिसर को उत्साह से भर दिया।
खिलाड़ियों को मिला प्रेरक संदेश
अपने प्रेरणादायी संबोधन में डॉ. किरन कश्यप ने कहा कि “हर छात्र के भीतर एक खिलाड़ी छिपा होता है, आवश्यकता है उसे पहचानने और निखारने की।” उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अनुशासन व समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने कहा कि संस्थान न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता, बल्कि शारीरिक कौशल और खेल भावना के विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्रों से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की।

500 से अधिक खिलाड़ी, 20 प्रतियोगिताएं
पिछले 15 वर्षों से संस्थान द्वारा आयोजित इस वार्षिक खेल महोत्सव में इस वर्ष सात संकायों के 500 से अधिक खिलाड़ी 20 विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं।
प्रथम दिवस के प्रमुख परिणाम:
- टग ऑफ वॉर (पुरुष वर्ग) – MBA विजेता
- टग ऑफ वॉर (महिला वर्ग) – B.Com विजेता
- टेबल टेनिस (पुरुष व महिला वर्ग) – B.Com विजेता
- थ्रो बॉल (महिला वर्ग) – बायोटेक विजेता
आयोजन में रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम का मंच संचालन डीन मीडिया रिलेशंस डॉ. प्रवल प्रताप सिंह ने किया। डायरेक्टर एकेडमिक डॉ. विकांत शास्त्री ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन डॉ. अनूप कुमार गोयल ने बताया कि संस्थान प्रतिवर्ष छात्रों के सर्वांगीण विकास हेतु ऐसे आयोजन करता रहता है।
‘चैलेन्जर 2025-26’ के कॉर्डिनेटर हिमांशु आर्या के निर्देशन में प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक संपन्न हो रही हैं। इस अवसर पर डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या राखी जैन, डीन एडमिनिस्ट्रेशन चन्द्रशेखर, डीन मार्केटिंग सन्दीप सक्सेना, डीन सीएस डॉ. आमेन्द्र सिंह, प्रबंधन संकाय विभागाध्यक्ष संजू कुमार, बायोटेक विभागाध्यक्ष डॉ. खालिद हुसैन सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कोऑर्डिनेटरों का विशेष सहयोग रहा।
यह आयोजन न केवल प्रतिस्पर्धा का मंच है, बल्कि विद्यार्थियों में टीमवर्क, नेतृत्व और अनुशासन के गुण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी है।


