संवाद : तौफीक फारूकी
कन्नौज/गुरसहायगंज।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तथा कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र कन्नौज पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की और आगामी चुनाव को लेकर रणनीति साझा की। उनके दौरे के दौरान सपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और जोश देखने को मिला।

मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की एकता से घबराकर भाजपा सरकार यूजीसी बिल लेकर आई है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता आज बिजली के बढ़ते बिल, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और लूट से परेशान है। यही कारण है कि जनता एक बार फिर समाजवादी सरकार को 2027 में वापस लाने का मन बना चुकी है।
“गरीब सोना नहीं खरीद सकता, भाजपा नकली जेवर पहनाना चाहती है”
सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज गरीब अपनी बेटी की शादी में सोना तक नहीं खरीद पा रहा है। भाजपा चाहती है कि लोग नकली जेवर पहनें। उन्होंने आरोप लगाया कि अब गरीब न तो जेवर खरीद सकता है और न ही उपहार में दे सकता है, जबकि भाजपा नेता सोना एकत्र करने में लगे हैं।
महाराष्ट्र विमान हादसे पर उठाए सवाल
महाराष्ट्र में हुए विमान हादसे पर अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने इस हादसे की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि देश में सुरक्षित विमान यात्रा सुनिश्चित होनी चाहिए। विकसित भारत के सपने में नए हवाई जहाज आएं, लेकिन ऐसा कानून न बने कि वीआईपी को ही अच्छे विमान मिलें और आम जनता को पुराने जहाजों में यात्रा करनी पड़े।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब विमान तकनीकी रूप से सही था और दृश्यता तीन किलोमीटर थी, तो हादसा कैसे हो गया। साथ ही तंज कसते हुए कहा कि “भाजपा के ठेकेदार अगर सड़क बनाते हैं, तो उसी दिन हवाई जहाज भी ले आते हैं।”
शंकराचार्य मुद्दे पर भाजपा पर साधा निशाना
डिप्टी सीएम के 2027 में सपा साफ होने वाले बयान पर अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि डिप्टी सीएम पहले अपना स्टूल साफ करें, ताकि उन्हें बैठने में आसानी हो।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर शंकराचार्य का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि कल्पना कीजिए, अगर कोई संत मुख्यमंत्री हो और वह शंकराचार्य को गंगा में स्नान न करने दे—यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
हेमंत बिस्वा के बयान पर जवाब
असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि असम में चुनाव नजदीक है, इसलिए वहां नफरत फैलाने वाली राजनीति शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि गंगा का पानी बंगाल से आगे तक जाता है और यह भावनात्मक जुड़ाव का क्षेत्र है।
अखिलेश यादव ने डॉ. राम मनोहर लोहिया का उल्लेख करते हुए कहा कि वे चाहते थे कि असम और नॉर्थ ईस्ट के इलाके देश से भावनात्मक रूप से जुड़ाव महसूस करें। उन्होंने यह भी कहा कि असम के पास अरुणाचल प्रदेश है, जहां चीन ने जमीन छीनी है, लेकिन नफरत फैलाने वाले लोग देश का क्षेत्रफल तक नहीं बता पाएंगे।
कन्नौज में विकास न होने का आरोप
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर कन्नौज की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी सरकार के बाद वर्तमान सरकार यहां कोई ठोस विकास कार्य नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि अगर कन्नौज का विकास होगा तो यहां के लोगों का आर्थिक, सामाजिक स्तर और सम्मान भी बढ़ेगा।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार गरीब और जरूरतमंदों को बेहतर इलाज तक नहीं दे पा रही है और एंबुलेंस व्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद कर दिया गया है।
2027 को लेकर सपा नेताओं का दावा
इस दौरान वरिष्ठ सपा नेता ताहिर हुसैन सिद्दीकी और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तहसीन सिद्दीकी ने कहा कि 2027 में अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे—यह समाजवादी पार्टी नहीं, बल्कि जनता की आवाज है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी के साथ मजबूती से खड़ी है।
अखिलेश यादव अपने दौरे के दौरान गुरसहायगंज कस्बा के तिर्वा रोड स्थित सपा नेता अनिल आर्य एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष धीरेन्द्र आर्य के आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी, पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तहसीन सिद्दीकी, जिला पंचायत सदस्य जुनैद सिद्दीकी, अनिल पाल, हसीब हसन सहित बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

