मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आ रहा है। एनसीपी प्रमुख अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु के बाद खाली हुए उपमुख्यमंत्री पद पर उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार की ताजपोशी तय मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक शनिवार को एनसीपी विधायक दल की बैठक के बाद उनके नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि सुनेत्रा पवार शाम 5 बजे डिप्टी चीफ मिनिस्टर पद की शपथ ले सकती हैं। यदि ऐसा होता है तो वह महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनेंगी।
डिप्टी सीएम पद खाली होने के बाद तेज हुई हलचल
अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद उपमुख्यमंत्री पद के साथ-साथ वित्त, आबकारी और खेल विभाग भी रिक्त हो गए थे। सूत्रों के अनुसार, वित्त मंत्रालय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अपने पास रख सकते हैं, जबकि अन्य विभागों को लेकर जल्द फैसला लिया जाएगा।
एनसीपी की अहम बैठक
- एनसीपी विधायक दल और विधान परिषद सदस्यों की बैठक दोपहर 2 बजे मुंबई में होगी
- बैठक के बाद सुनेत्रा पवार के नाम पर अंतिम मुहर लगने की संभावना
- शाम 5 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है
एनसीपी विलय पर शरद पवार लेंगे अंतिम फैसला
सूत्रों का यह भी कहना है कि अजित पवार एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर जिन बातचीतों में जुटे थे, अब उस पर अंतिम निर्णय शरद पवार लेंगे। पार्टी के भविष्य और संगठनात्मक ढांचे को लेकर आने वाले दिन अहम माने जा रहे हैं।
👉 Times of Taj News इस घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।

