आगरा। ज्योति नगर स्थित अजीज-ए-आम हायर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए शनिवार को भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। स्कूल के वातानुकूलित प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों ने उल्लास और भावुकता के मिश्रित भावों के साथ अपने स्कूल जीवन के सुनहरे पलों को याद किया।
विदाई समारोह में कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं और मुबारकबाद दीं तथा स्कूल में बिताए गए खट्टे-मीठे अनुभव साझा किए। चेहरों पर मुस्कान के साथ-साथ विद्यालय से विदाई का दर्द भी साफ झलक रहा था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के मैनेजर मसरूर उल्लाह ख़ान ने फीता काटकर किया। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। छात्र-छात्राओं ने विद्यार्थी जीवन पर आधारित सामूहिक नृत्य और नाटक प्रस्तुत किया, वहीं सामूहिक गान के माध्यम से मैत्री भाव और भाईचारे का संदेश दिया गया। कई विद्यार्थियों ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने इस विद्यालय से शिक्षा के साथ-साथ जीवन के महत्वपूर्ण मूल्य भी सीखे।
कार्यक्रम का सफल संचालन सवा अहमद द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजर मसरूर उल्लाह ख़ान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने समय के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को निरंतर अध्ययन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, ताकि वे अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय का नाम रोशन कर सकें।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को धन्यवाद दिया। इस मौके पर रूबिना चौब सिंह, तरन्नुम, शहिन, नाहिद, सावित्री सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।

