आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र के ब्रजदीप कॉलोनी स्थित एक फैक्ट्री में शनिवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे एमएस प्रेम एंटरप्राइजेज नामक फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। यह फैक्ट्री यूपीएसआईडीसी रोड, ब्रजदीप कॉलोनी, सिकंदरा में स्थित है, जहां जूतों के सोल बनाने का कार्य किया जाता है।
सूचना पर उप निरीक्षक आशीष त्यागी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। वहीं, दमकल विभाग की टीम पहले से ही राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई थी। संयुक्त प्रयास से आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।
फैक्ट्री मालिक प्रेम सिंह पुत्र अमर सिंह, निवासी प्लॉट नंबर 35, खसरा नंबर 119, ब्रजदीप कॉलोनी, भी मौके पर पहुंच गए थे।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, जिसकी जांच की जा रही है।
फिलहाल मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है। पुलिस बल तैनात है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

