बूथों पर सुबह 10:30 से 1:30 बजे तक रहेंगे बीएलओ मौजूद
आगरा। प्रदेश में मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से 22 फरवरी (रविवार) को चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत चलाया जा रहा है।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने तथा त्रुटियों के सुधार के लिए यह विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले 11 जनवरी, 18 जनवरी और 31 जनवरी 2026 को तीन विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा चुके हैं।
निर्देशानुसार, 22 फरवरी को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे। उनके पास 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची तथा फॉर्म 6, 6ए, 7 और 8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे।
प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की जाएगी, जहां मतदाताओं को फॉर्म भरने में सहायता प्रदान की जाएगी।
राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), सभासदों, ग्राम प्रधानों और स्वयंसेवकों का भी सहयोग लिया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे 22 फरवरी को अपने बूथ पर जाकर अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें। किसी भी त्रुटि के सुधार के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। आवेदन ECINET मोबाइल ऐप या voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भी किया जा सकता है।

