आगरा। दावत-ए-इस्लामी इंडिया की सामाजिक इकाई गरीब नवाज़ रिलीफ़ फ़ाउंडेशन (GNRF) द्वारा “Say No To Drugs” विषय पर नशा मुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में तेजी से बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति के खिलाफ प्रभावी जन-जागरूकता फैलाना तथा विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखते हुए एक स्वस्थ, सुरक्षित और नशा-मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए GNRF मुंबई क्षेत्र के प्रमुख प्रो. आरिफ अत्तारी ने नशे के व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले गंभीर व नकारात्मक प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बड़े स्क्रीन पर वीडियो और पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से नशा जैसी घातक बीमारी से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। साथ ही समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे नशा मुक्ति अभियान में GNRF का सहयोग करें, ताकि एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण हो सके, जो देश की प्रगति के लिए आवश्यक है।
इस अवसर पर हाजी सुल्तान साहब ने समाज में फैली बुराइयों को दूर करने, आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देने तथा देश की तरक्की के लिए सभी लोगों को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एफएच हॉस्पिटल के डायरेक्टर हाजी रिज़वान, दरगाह के सज्जादानशीन सैयद मोहतशिम अली, पार्षद मनोज भाई, रज़ा खान, हाजी शानू कुरैशी (एडवोकेट), आरिफ अत्तारी सहित गरीब नवाज़ रिलीफ़ फ़ाउंडेशन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह जन-जागरूकता कार्यक्रम दरगाह अमीर अबुल उला, मेला ग्राउंड, कर्बला, न्यू आगरा, आगरा में आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर नशा-मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

