उज्ज्वला योजना में भी बदलाव, कालाबाजारी रोकने के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय का बड़ा फैसला
आगरा | TIMES OF TAJ
आगरा में घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देश पर ऑयल कंपनियों ने सिलेंडर बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब शहरी क्षेत्र की तरह ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता भी 25 दिनों में गैस सिलेंडर की बुकिंग करा सकेंगे। पहले यह अवधि 45 दिन थी।
इस बदलाव का उद्देश्य गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाना है, जिसकी शिकायतें लगातार मिल रही थीं।
जिले में कुल 84 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जहां लगभग 13.57 लाख उपभोक्ता पंजीकृत हैं। अब तक शहरी उपभोक्ताओं को 25 दिन में और ग्रामीण उपभोक्ताओं को 45 दिन में बुकिंग की सुविधा मिलती थी, लेकिन नए नियम के तहत यह अंतर खत्म कर दिया गया है।
वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत भी अहम बदलाव किया गया है। पहले इस योजना के तहत शहरी उपभोक्ता 25 दिन और ग्रामीण उपभोक्ता 45 दिन में सिलेंडर बुक करा सकते थे, लेकिन अब दोनों के लिए एक समान नियम लागू कर दिया गया है। उज्ज्वला योजना के उपभोक्ताओं को अब 45 दिनों में ही सिलेंडर बुकिंग की अनुमति होगी।
आगरा में उज्ज्वला योजना के करीब 3.40 लाख उपभोक्ता हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, एक माह पहले तक लगभग 45 प्रतिशत उपभोक्ता ही नियमित रूप से बुकिंग कराते थे, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 100 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
अधिकारियों का मानना है कि नए नियमों से पारदर्शिता बढ़ेगी और जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सकेगा।

