आगरा। ताजनगरी आगरा में लव ट्रायएंगल के चलते हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। प्रेम संबंधों में दरार के चलते एक युवक ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी। शव को बोरे में भरकर यमुना पुल से फेंक दिया गया, जबकि युवती का सिर अलग कर अपने बैग में रखकर शाहदरा क्षेत्र के झरना नाले में फेंक दिया गया।
पुलिस ने युवती का धड़ बरामद कर लिया है, लेकिन अब तक सिर नहीं मिल सका है, जिससे मृतका के परिजनों में भारी आक्रोश है। परिजन सिर मिलने तक अंतिम संस्कार से इनकार कर रहे थे। बाद में क्षेत्रीय विधायक के समझाने पर वे पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।
कौन थी मृतका
मृतका की पहचान पार्वती विहार, टेढ़ी बगिया निवासी 25 वर्षीय मिंकी शर्मा के रूप में हुई है। मिंकी संजय प्लेस स्थित मारुति प्लाजा की छठी मंजिल पर एक प्राइवेट कंपनी में एचआर मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। 23 जनवरी की रात जवाहर पुल के पास पुलिस को उसका सिर कटा शव मिला था।
24 घंटे में खुलासा, प्रेमी निकला हत्यारा
पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा कर दिया। हत्या का आरोपी ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी विनय राजपूत, जो उसी कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर था, गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन पिछले छह महीनों से मिंकी किसी अन्य युवक से भी बातचीत करने लगी थी। इसी बात को लेकर विनय मानसिक रूप से परेशान था।
ऑफिस बुलाकर की हत्या
आरोपी विनय ने पूछताछ में बताया कि उसने मिलने के बहाने मिंकी को ऑफिस बुलाया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद विनय ने चाकू से एक के बाद एक आठ से अधिक वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर यमुना में फेंकने की योजना बनाई गई, लेकिन बोरा उठाने में असफल रहने पर वह शव को पुल पर छोड़कर फरार हो गया।
सिर और सबूत नाले में फेंके
हत्या के बाद आरोपी ने मिंकी का सिर, कपड़े और मोबाइल फोन अपने बैग में रखे और शाहदरा क्षेत्र के झरना नाले में फेंक दिया। पुलिस सोमवार को भी सिर की तलाश में 15 गोताखोरों को उतार चुकी है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है।
पुलिस पर दबाव
सिर बरामद न होने के कारण परिजनों में नाराज़गी बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन जारी है और जल्द ही सिर को भी बरामद कर लिया जाएगा। मामले की जांच गहराई से की जा रही है।

