आगरा। उमरी पब्लिक स्कूल परिसर में 77वें गणतंत्र दिवस का आयोजन देशभक्ति और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई, जिसके बाद राष्ट्रगान गाया गया। विद्यालय परिसर “भारत माता की जय” और देशभक्ति नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अज़हर उमरी ने छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के मूल्यों—न्याय, समानता और भाईचारे—की याद दिलाता है। आज के छात्र ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं, इसलिए उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए शिक्षा के साथ संस्कार भी अपनाने होंगे।
वहीं विद्यालय के कॉर्डिनेटर डॉ. सुहैल उमरी ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। छात्रों को संविधान का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी को भावविभोर कर दिया। शिक्षकों ने भी छात्रों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई और मिष्ठान वितरण के साथ आयोजन का समापन हुआ।

