लखनऊ | Times of TAJ News
76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सूचना निदेशक विशाल सिंह ने सूचना भवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और अधिकारियों व कर्मचारियों को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर विशाल सिंह ने सूचना भवन में आयोजित एक विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया, जिसमें सूचना विभाग की गतिविधियों के साथ-साथ सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन तक सरकारी कार्यों और योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सूचना निदेशक ने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि एक स्वतंत्र देश में जन्म लिया है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि आज जो अधिकार हमें प्राप्त हैं, वे उन्हीं के त्याग का परिणाम हैं।
उन्होंने संविधान की प्रस्तावना में निहित मूल भावनाओं—न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व—को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने की अपील की।
समारोह के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें राष्ट्रप्रेम की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम के समापन पर रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

