आगरा | Times of Taj
महिलाओं और किशोरियों को गंभीर बीमारी सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए जिला महिला चिकित्सालय (लेडी लायल अस्पताल) में आज HPV वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया गया।

इस अभियान का उद्घाटन डा० बबीता चौहान, अध्यक्षा, राज्य महिला आयोग द्वारा फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि HPV वैक्सीन किशोरियों और महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों से बचाव प्रदान करती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं।
यह वैक्सीनेशन ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) संक्रमण से बचाव के लिए किया जा रहा है, जो सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण माना जाता है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार निर्धारित आयु वर्ग की किशोरियों को यह टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा और चरणबद्ध तरीके से अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डा० पुष्पलता, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा० उपेंद्र कुमार, डा० सुरेंद्र मोहन प्रजापति, डा० पीयूष जैन तथा डा० ऋषि गोपाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं सहयोगी उपस्थित रहे।
विशेषज्ञों ने इस दौरान HPV संक्रमण, उसके दुष्प्रभाव और टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किशोरियां इस योजना का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इसके सफल क्रियान्वयन का संकल्प लिया।

