लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति ने हज यात्रा 2026 पर जाने वाले चयनित यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। समिति के अनुसार सभी यात्रियों को अपनी आवंटित फ्लाइट की पुष्टि ऑनलाइन माध्यम से अनिवार्य रूप से करनी होगी।
यात्री समिति की आधिकारिक वेबसाइट या Haj Suvidha App के जरिए अपनी फ्लाइट बुकिंग कंफर्म कर सकते हैं। यह सुविधा केवल 15 अप्रैल तक उपलब्ध रहेगी।
समिति ने साफ किया है कि एक बार फ्लाइट कंफर्म होने के बाद उसमें किसी भी प्रकार का बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे में यात्रियों को तय समय सीमा के भीतर पूरी सावधानी के साथ अपनी उड़ान की पुष्टि करनी होगी।
इसके अलावा हज किट, बोर्डिंग पास और अन्य यात्रा दस्तावेज जारी करने के लिए यह भी अनिवार्य किया गया है कि यात्रियों की पूरी धनराशि जमा हो चुकी हो। बिना पूर्ण भुगतान के आगे की प्रक्रिया नहीं की जाएगी।
ऑनलाइन फ्लाइट कंफर्म होने के बाद एक रसीद जनरेट होगी, जिसके आधार पर यात्रियों को हज किट, बोर्डिंग पास व अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे।

