पुलिस के इकबाल पर उठे सवाल, CCTV और मोबाइल से खुलासे की कोशिश
संवाददाता: तौफीक फारूकी
फर्रुखाबाद में दिनदहाड़े हुई लूट की सनसनीखेज वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने कैश कलेक्शन कर रहे एक युवक को गोली मारकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस घटना की गहन जांच में जुटी है।
कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम सकवाई निवासी राजेश शर्मा रेडिएंट कैश कलेक्शन कंपनी में कार्यरत हैं। वह थाना कादरी गेट क्षेत्र के गुंजन बिहार कॉलोनी स्थित आलोक यादव की अमेजन कोरियर कंपनी से कैश कलेक्शन कर बाइक से बैंक में जमा करने जा रहे थे। कंपनी मैनेजर से 1 लाख 32 हजार 720 रुपये लेकर जैसे ही वह कॉलोनी की गली में पहुंचे, तभी दो बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा करते हुए रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया।
छिनाझपटी के दौरान बदमाशों ने राजेश शर्मा को कमर के नीचे गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। घायल राजेश ने तत्काल फोन कर घटना की सूचना कंपनी मैनेजर आलोक यादव को दी। उन्हें उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
एक दर्जन से अधिक कंपनियों का करता था कैश कलेक्शन
घायल राजेश शर्मा के अनुसार, वह एक दर्जन से अधिक प्रमुख प्रतिष्ठानों से कैश कलेक्शन करता है। घटना के समय उसके बैग में करीब 7 लाख रुपये होने की बात सामने आ रही है, हालांकि लूट की सही रकम की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
बदमाशों का मोबाइल और खोखा बरामद
लूट के दौरान बदमाशों का एक मोबाइल फोन मौके पर गिर गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मोबाइल के जरिए बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। इसके अलावा घटनास्थल से 32 बोर का एक खोखा भी बरामद किया गया है।
फील्ड यूनिट टीम ने मौके से आवश्यक नमूने, कारतूस और बैंक में रुपये जमा करने से संबंधित फार्म भी जब्त किए हैं।
CCTV फुटेज बनेगा अहम सुराग
आईटीआई चौकी प्रभारी विशेष कुमार ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। पुलिस के अनुसार फुटेज में कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस अधिकारी पहुंचे अस्पताल और घटनास्थल
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार और सीओ सिटी ऐश्वर्य उपाध्याय लोहिया अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल लिया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने गुंजन बिहार कॉलोनी पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि बदमाशों ने कैश लूटने के इरादे से गोली चलाई है। घायल की हालत सामान्य है। लूटी गई रकम का सही आंकलन किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।


