संभल: चर्चित हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब ठगी मामले में कानूनी शिकंजा कसने के बाद अब जावेद हबीब और उनके सहयोगियों ने बैकफ़ुट लिया है। एफएलसी कंपनी के जरिए निवेशकों से पैसा छह गुना करने का झांसा देकर ठगी किए जाने के मामले में अब राहत मिलने लगी है।
सूत्रों के अनुसार, जावेद हबीब की ओर से पहले एक निवेशक मोहम्मद हिलाल को दो लाख रुपये लौटाए जा चुके थे। अब अलबीना अमान समेत तीन और पीड़ितों को भी उनकी ठगी की राशि वापस कर दी गई है।
यह मामला साल 2023 का है, जब शहर के एक पैलेस में आयोजित सेमिनार में सैकड़ों लोगों को उच्च मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपये निवेश कराए गए थे। निवेशकों के पैसे वापस न मिलने पर शिकायत के आधार पर रायसत्ती थाने में 33 रिपोर्ट दर्ज की गई थीं। अब विवेचक पवित्र परमार की ओर से जावेद हबीब, उनके बेटे अनोश और सहयोगी सैफुल को नोटिस जारी किया गया है।
पुलिस ने पहले जावेद हबीब को 12 अक्टूबर को बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया था, लेकिन वह पेश नहीं हुए। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर दिल्ली स्थित उनके आवास पर दबिश दी गई, जहां न तो जावेद हबीब और न ही उनके परिवार का कोई सदस्य मिला।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की सख्त कार्रवाई और कानूनी दबाव के बाद जावेद हबीब ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर राहत की मांग की। इस बीच, उन्होंने अब तक कुल चार निवेशकों को उनका पैसा लौटाया है। संभल के सीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि रकम लौटाने के बावजूद जांच जारी रहेगी।
यह मामला निवेशकों के लिए राहत भरा है, लेकिन कानूनी प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है और पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों के बयान दर्ज करेगी।

