लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में मंगलवार, 7 अप्रैल 2026 को कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई गई। योगी आदित्यनाथ सरकार ने आंबेडकर जयंती से पहले राज्यभर के लिए बड़ा ऐलान किया है, जिसका असर सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में देखने को मिलेगा।
कैबिनेट के फैसले के तहत डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर छत्र निर्माण, बाउंड्री वॉल और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा। इसके साथ ही हर विधानसभा क्षेत्र में 10-10 आंबेडकर स्मारकों का विकास किया जाएगा। इस योजना पर कुल 403 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे प्रदेशभर में स्मारकों का व्यापक विकास होगा।
इसके अलावा औद्योगिक विकास विभाग से जुड़े एक अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत छात्रों को निःशुल्क टैबलेट वितरण के लिए अंतिम बिड को स्वीकृति दे दी गई है। इस योजना के अंतर्गत 25 लाख टैबलेट खरीदे जाएंगे।
सरकार के अनुसार अब तक प्रदेश में करीब 60 लाख स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित किए जा चुके हैं। औद्योगिक विकास विभाग की हाई पावर कमेटी द्वारा दी गई संस्तुतियों को भी मंत्रिपरिषद ने हरी झंडी दे दी है।
इन फैसलों को सामाजिक सम्मान और डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे एक ओर डॉ. आंबेडकर के विचारों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर युवाओं को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की पहल जारी रहेगी।

