10 डिब्बे नदी में गिरे, 19 डिब्बे पलटे, जसीडीह–झाझा रेलखंड ठप
जमुई (बिहार): बिहार के जमुई जिले में शनिवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया। जसीडीह–झाझा रेलखंड पर सीमेंट से लदी एक मालगाड़ी अचानक पटरी से उतर गई। हादसा सिमुलतला–तेलवा हॉल्ट के पास बरुआ नदी पुल के समीप हुआ, जिससे रेल ट्रैक पर अफरा-तफरी मच गई।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार मालगाड़ी के कुल 42 डिब्बों में से 19 डिब्बे बेपटरी हो गए, जिनमें से 10 डिब्बे पुल से नीचे नदी में जा गिरे। हादसे के बाद इस महत्वपूर्ण रेल रूट पर रेल परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया।
रेल संचालन प्रभावित, यात्री परेशान
मालगाड़ी के बेपटरी होने के कारण इस मार्ग से गुजरने वाली कई ट्रेनों को रोक दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राहत और मरम्मत कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया। सुबह से ही राहत एवं मरम्मत कार्य तेज कर दिया गया है। क्रेन और तकनीकी टीम को मौके पर तैनात कर डिब्बों को हटाने और ट्रैक को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

