लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए तकनीकी खामियों और लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनज़र ‘प्रीपेड स्मार्ट मीटर’ व्यवस्था को समाप्त करने का फैसला लिया है। अब सभी उपभोक्ताओं को दोबारा ‘पोस्टपेड’ बिलिंग प्रणाली में शिफ्ट किया जाएगा।
इस फैसले का सीधा लाभ नोएडा के करीब 41 हजार बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा, जहां लगे प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पोस्टपेड सिस्टम में बदला जाएगा। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक शासनादेश अभी तक स्थानीय विद्युत निगम कार्यालयों तक नहीं पहुंचा है।
इधर पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के अंतर्गत आने वाले नगरीय विद्युत वितरण अधिकारियों ने बदलाव की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, नई व्यवस्था लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को अब एडवांस में बिजली रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके बजाय, पूरे महीने की खपत के आधार पर बिल तैयार होकर उपभोक्ताओं के मोबाइल पर भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर प्रणाली को लेकर उपभोक्ताओं में काफी नाराजगी थी। रिचार्ज के बावजूद घंटों तक बिजली कनेक्शन बहाल न होना, अचानक अधिक लोड दिखना और अपेक्षा से ज्यादा बिल आना जैसी समस्याएं लगातार सामने आ रही थीं।
इन समस्याओं के चलते उपभोक्ता समय-समय पर बिजली विभाग के कार्यालयों पर धरना-प्रदर्शन भी कर रहे थे, लेकिन उनकी शिकायतों का संतोषजनक समाधान नहीं हो पा रहा था। ऐसे में सरकार का यह फैसला आम जनता के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।

