आगरा। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को उस समय बड़ा झटका लगा जब पार्टी के कई सक्रिय कार्यकर्ताओं ने बसपा छोड़कर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) की सदस्यता ग्रहण कर ली।
यह सदस्यता अभियान AIMIM के उत्तर प्रदेश संयुक्त सचिव मिर्जा मुकर्रम बेग एवं शहज़ाद की मौजूदगी में संपन्न हुआ। इस अवसर पर फरमान अली, दानिश खान, आरिफ मंसूरी, मोहम्मद तौसीफ, तल्हा सैफी, अज़हरुद्दीन और उपदेश ने बसपा छोड़कर AIMIM का दामन थाम लिया।
नए सदस्यों का स्वागत करते हुए मिर्जा मुकर्रम बेग ने कहा कि AIMIM समाज के सभी वर्गों की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए साथियों के जुड़ने से संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
जॉइंट सेक्रेटरी शहज़ाद ने कहा कि पार्टी लगातार अपने संगठन का विस्तार कर रही है और युवाओं का AIMIM के प्रति बढ़ता रुझान पार्टी की लोकप्रियता का प्रमाण है।
इस अवसर पर शामिल हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे AIMIM की विचारधारा और जनहित के मुद्दों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

