लखनऊ, । राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित सेक्टर-डी में सोमवार दोपहर एक निजी कोचिंग सेंटर में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने तथा भवन में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। वहीं आसपास के लोगों ने आशंका जताई है कि घटना के समय कुछ लोग भवन के अंदर फंसे हो सकते हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने तथा स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है।
प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने और संभावित नुकसान का आकलन करने का कार्य जारी है। घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

